गढ़वा में मानवता शर्मसार: युवती को बंधक बनाकर साल भर किया दुष्कर्म, गर्भवती होने पर जातिगत टिप्पणी कर शादी से मुकरा आरोपी


गढ़वा : झारखंड के गढ़वा शहर से एक रूह कंपा देने वाला मामला सामने आया है, जहां एक युवक ने हथियार के बल पर युवती की अस्मत लूटी और अश्लील वीडियो बनाकर उसे साल भर तक ब्लैकमेल करता रहा। रंका मोड़ स्थित एक वस्त्रालय में काम करने वाली पीड़िता ने आरोप लगाया है कि आरोपी रोहित सोनी ने न केवल उसके साथ शारीरिक शोषण किया, बल्कि विरोध करने पर उसे जान से मारने की धमकी भी दी। घटना की शुरुआत अप्रैल 2025 में हुई थी, जब आरोपी जबरन पीड़िता के कमरे में घुस गया और पिस्तौल की नोक पर उसके साथ दुष्कर्म किया। इस दौरान उसने मोबाइल से आपत्तिजनक वीडियो बना लिया, जिसे सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देकर वह लगातार एक साल तक उसका यौन शोषण करता रहा।

ब्लैकमेलिंग और सामाजिक प्रताड़ना का शिकार हुई पीड़िता

आरोपी के जुल्मों से तंग आकर पीड़िता ने अपना कमरा भी बदला, लेकिन आरोपी ने उसका पीछा नहीं छोड़ा और लगातार मारपीट व शोषण जारी रखा। हद तो तब हो गई जब पीड़िता तीन माह की गर्भवती हो गई। जब पीड़िता ने शादी के लिए दबाव बनाया, तो आरोपी रोहित सोनी ने अपनी असली फितरत दिखाते हुए न केवल शादी से इनकार कर दिया, बल्कि पीड़िता की जाति को लेकर अभद्र और जातिसूचक टिप्पणियां भी कीं। लोक-लाज और डर के साये में जी रही युवती ने आखिरकार हिम्मत जुटाकर महिला थाने में न्याय की गुहार लगाई। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए कांड संख्या 07/2026 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है और पीड़िता का मेडिकल परीक्षण कराया गया है। फिलहाल पुलिस आरोपी की गिरफ्तारी और मामले की विस्तृत जांच में जुट गई है।

Post a Comment

और नया पुराने