गढ़वा, झारखंड: जिला मुख्यालय के रमना थाना क्षेत्र अंतर्गत बहियार खुर्द गांव से एक हृदय विदारक घटना सामने आई है, जहां एक मामूली पारिवारिक विवाद ने गंभीर रूप ले लिया। जानकारी के अनुसार, रघुवीर उरांव की 19 वर्षीय पुत्री अंतु कुमारी लंबे समय से मजदूरी कर पाई-पाई जोड़ रही थी ताकि वह अपनी पसंद का एक मोबाइल फोन खरीद सके। अपनी कड़ी मेहनत की कमाई से जब वह मोबाइल खरीदकर खुशी-खुशी घर पहुंची, तो उसके बड़े भाई ने इस बात पर उसे कड़ी फटकार लगा दी। भाई की यह डांट युवती को इतनी नागवार गुजरी कि उसने आवेश और मानसिक आहत होकर घर में रखा कीटनाशक पी लिया, जिससे उसकी तबीयत अचानक बिगड़ने लगी।
घटना का पता चलते ही परिजनों में कोहराम मच गया और आनन-फानन में युवती को गढ़वा सदर अस्पताल ले जाया गया। वहां मौजूद चिकित्सकों की तत्परता और समय पर मिले प्राथमिक उपचार के कारण अंतु कुमारी की जान बचाई जा सकी। डॉक्टरों के अनुसार, वर्तमान में युवती की स्थिति खतरे से बाहर है, हालांकि वह अभी भी चिकित्सा विशेषज्ञों की गहन निगरानी में है। यह घटना न केवल एक परिवार के भीतर के तनाव को दर्शाती है, बल्कि समाज में युवाओं के बीच बढ़ती संवेदनशीलता और छोटी-छोटी बातों पर उपजे गंभीर मानसिक दबाव की ओर भी कड़ा इशारा करती है, जो आज के समय में एक चिंता का विषय बन गया है।
एक टिप्पणी भेजें