मुख्यधारा में लौटा 5 लाख का इनामी उग्रवादी, लातेहार में सुरेंद्र लोहरा ने किया सरेंडर

झारखंड सरकार की आत्मसमर्पण एवं पुनर्वास नीति 'नई दिशा' से प्रभावित होकर प्रतिबंधित उग्रवादी संगठन जेजेएमपी (JJMP) के इनामी सदस्य सुरेंद्र लोहरा उर्फ विनोद लोहरा ने हिंसा का रास्ता छोड़ दिया है। गुरुवार को लातेहार में उन्होंने पुलिस और सीआरपीएफ के वरिष्ठ अधिकारियों के समक्ष विधिवत रूप से सरेंडर किया और मुख्यधारा में वापस लौटने का फैसला किया। सुरेंद्र लोहरा पर सरकार की ओर से पांच लाख रुपये का इनाम घोषित था और वह लंबे समय से इलाके में सक्रिय थे।

लातेहार पुलिस अधीक्षक कार्यालय के सभागार में आयोजित कार्यक्रम के दौरान पलामू आईजी शैलेंद्र कुमार सिन्हा, सीआरपीएफ 11 बटालियन के कमांडेंट याद राम बुनकर और पुलिस अधीक्षक कुमार गौरव के सामने सुरेंद्र ने हथियार डाले। पलामू आईजी ने सुरेंद्र लोहरा को शॉल ओढ़ाकर और गुलदस्ता भेंट कर समाज की मुख्यधारा में उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। सुरक्षा एजेंसियों के लगातार बढ़ते दबाव और सरकार की कल्याणकारी नीतियों के प्रचार-प्रसार के कारण ही उन्होंने यह अहम कदम उठाया।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आत्मसमर्पण करने वाले उग्रवादी को सरकार की पुनर्वास नीति के तहत सभी निर्धारित आर्थिक सहायता और सुविधाएं प्रदान की जाएंगी, ताकि वह एक गरिमापूर्ण व सामान्य जीवन व्यतीत कर सके। इस सरेंडर को पुलिस के लिए एक बड़ी सफलता माना जा रहा है, जिससे पलामू और लातेहार के सीमावर्ती क्षेत्रों में शांति स्थापना और विकास कार्यों को काफी मजबूती मिलने की उम्मीद है।

Post a Comment

और नया पुराने