हजारीबाग में अंधविश्वास की बलि चढ़ी मासूम: तांत्रिक महिला और मां ने मिलकर की 13 वर्षीय बच्ची की हत्या


हजारीबाग, झारखंड: जिले के विष्णुगढ़ थाना क्षेत्र अंतर्गत कुसुमभा ग्राम से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां अंधविश्वास के चलते एक 13 वर्षीय मासूम बच्ची की निर्मम हत्या कर दी गई। पुलिस अधीक्षक कार्यालय द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, 24 और 25 मार्च 2026 की मध्यरात्रि को हुई इस घटना का खुलासा करते हुए विशेष जांच दल (SIT) ने हत्या में शामिल सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। घटना की शुरुआत तब हुई जब 25 मार्च की सुबह विष्णुगढ़ थाना पुलिस को कुसुमभा मिडिल स्कूल के पीछे झाड़ियों में एक बच्ची का शव बरामद होने की सूचना मिली। मृतका की पहचान रेशमी देवी की नाबालिग पुत्री के रूप में हुई, जो पिछली रात मंगला जुलूस के दौरान लापता हो गई थी।

पुलिस द्वारा की गई गहन जांच और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर इस जघन्य अपराध की परतों को खोला गया, जिसमें चौंकाने वाला खुलासा हुआ। जांच में सामने आया कि मृतका की मां रेशमी देवी अपने बेटे की शारीरिक और मानसिक परेशानियों से निजात पाने के लिए गांव की ही एक महिला तांत्रिक, शांति देवी उर्फ भगतिनी के संपर्क में थी। तांत्रिक ने रेशमी देवी को गुमराह करते हुए विश्वास दिलाया कि उसके बेटे की समस्या का समाधान तभी संभव है जब किसी 'कुंवारी लड़की' की बलि दी जाएगी। अंधविश्वास में अंधी हो चुकी मां ने अपनी ही मासूम बेटी को बलि चढ़ाने का फैसला कर लिया और भगतिनी द्वारा बताए गए मुहूर्त के अनुसार घटना को अंजाम देने की योजना बनाई।

वारदात वाली रात रेशमी देवी अपनी बेटी को लेकर तांत्रिक के घर पहुंची, जहां तंत्र-मंत्र के नाम पर पूजा शुरू की गई। इसके बाद तांत्रिक शांति देवी, रेशमी देवी और उनके सहयोगी भीम राम बच्ची को पास के बांसवाड़ी में ले गए। वहां बच्ची को जमीन पर लिटाकर उसकी गला घोंटकर हत्या कर दी गई। पुलिस रिपोर्ट के अनुसार, इस वीभत्स कृत्य के दौरान मृतका की मां ने खुद अपनी बेटी के पैर पकड़े हुए थे। हत्या के बाद तांत्रिक ने मृतका के शरीर पर प्रहार किए और उसके खून को अपने मंदिर में छिड़का। पुलिस ने इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी भीम राम, मृतका की मां रेशमी देवी और तांत्रिक शांति देवी को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेज दिया है। इस सफल उद्भेदन में आईपीएस नागरगोजे शुभम बाबासाहेब के नेतृत्व वाली टीम का महत्वपूर्ण योगदान रहा।

Post a Comment

और नया पुराने