पलामू में अवैध क्लिनिक पर प्रशासन का डंडा: सीआईडी की रिपोर्ट के बाद झोलाछाप डॉक्टर का अस्पताल सील


पलामू जिले के नावाजयपुर थाना क्षेत्र में प्रशासन ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध रूप से संचालित हो रहे एक क्लिनिक को सील कर दिया है। यह कार्रवाई सीआईडी (CID) की गोपनीय रिपोर्ट के आधार पर जिला उपायुक्त समीरा एस के निर्देश पर की गई। जांच टीम ने बिंदा बैंक्वेट हॉल के बेसमेंट में चल रहे इस अवैध स्वास्थ्य केंद्र पर करीब पांच घंटे तक छापेमारी की, जिसमें कई चौंकाने वाले खुलासे हुए।

जांच में पाया गया कि पंडवा निवासी सेवक मेहता, जिसके पास कोई मेडिकल डिग्री नहीं है, वर्षों से मरीजों का इलाज और गंभीर ऑपरेशन कर रहा था। क्लिनिक के बाहर 'आयुर्वेद संस्थान' का बोर्ड लगा था, लेकिन अंदर भारी मात्रा में एलोपैथिक दवाएं, प्रतिबंधित ड्रग्स और एक अस्थाई ऑपरेशन थिएटर मिला। यहाँ अवैध रूप से प्रसव (डिलीवरी) और सर्जिकल प्रक्रियाएं की जा रही थीं। मौके पर मौजूद कर्मियों ने भी स्वीकार किया कि संचालक बिना किसी डिग्री के खुद को डॉक्टर बताकर लोगों की जान से खिलवाड़ कर रहा था। प्रशासन ने क्लिनिक को सील कर दिया है और संचालक के खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

Post a Comment

और नया पुराने