डाल्टनगंज: पलामू संसदीय क्षेत्र के निवासियों का लंबे समय से चला आ रहा इंतजार अब समाप्त हो गया है। पलामू सांसद श्री विष्णु दयाल राम ने डाल्टनगंज रेलवे स्टेशन पर हरी झंडी दिखाकर नव परिचालित आनंद विहार-पुरुलिया एक्सप्रेस (ट्रेन संख्या 14021/14022) को रवाना किया। इस नई रेल सेवा के शुरू होने से अब पलामू और गढ़वा जिले के लाखों नागरिकों को बनारस, अयोध्या धाम और लखनऊ जैसे महत्वपूर्ण शहरों के लिए सीधी ट्रेन कनेक्टिविटी मिल गई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से किए गए ऑनलाइन उद्घाटन के बाद, यह ट्रेन जब मध्यरात्रि के समय फूलों से सजकर डाल्टनगंज स्टेशन पहुंची, तो स्थानीय जनता ने नारों और जयकारों के साथ इसका जोरदार स्वागत किया।
सांसद विष्णु दयाल राम ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि यह ट्रेन क्षेत्र के विकास और जनसुविधा की दृष्टि से एक मील का पत्थर साबित होगी। विशेष रूप से अयोध्या धाम जाने वाले श्रद्धालुओं और लखनऊ के संजय गांधी पोस्ट ग्रेजुएट इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज (SGPGI) में इलाज कराने जाने वाले मरीजों के लिए यह सेवा किसी वरदान से कम नहीं है। अब यात्रियों को लंबी दूरी की यात्रा में बार-बार ट्रेन बदलने की असुविधा से मुक्ति मिलेगी। उन्होंने इस सौगात के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जनता की पुरानी मांग को केंद्र सरकार ने प्राथमिकता के साथ पूरा किया है। इस अवसर पर जिले के कई वरिष्ठ नेता, भाजपा कार्यकर्ता और भारी संख्या में आम नागरिक उपस्थित रहे।
एक टिप्पणी भेजें