निगम क्लीनिक में डायलिसिस से डिलीवरी तक की व्यवस्था होगी, स्वास्थ्य मेरी प्राथमिकता: महापौर अरुणा शंकर


मेदिनीनगर। शहर की नवनियुक्त महापौर अरुणा शंकर अब पूरी तरह से एक्शन मोड में नजर आ रही हैं। बुधवार को उन्होंने नगर निगम द्वारा संचालित रांची रोड और पंपुकल स्थित आयुष्मान आरोग्य केंद्रों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा की और स्पष्ट किया कि शहरवासियों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। महापौर ने केंद्रों पर तैनात डॉ. श्रेया सोनी और डॉ. नितेश कुमार के साथ लंबी चर्चा की और निर्देश दिया कि क्लीनिकों में साफ-सफाई, डॉक्टरों व नर्सों की समय पर उपस्थिति और मुफ्त दवाओं की उपलब्धता हर हाल में सुनिश्चित की जाए। निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्वयं डॉ. श्रेया से अपनी जांच कराकर व्यवस्था की जमीनी हकीकत को परखा।

महापौर ने घोषणा की कि नगर निगम के आयुष्मान आरोग्य केंद्रों को जल्द ही अत्याधुनिक बनाया जाएगा। उन्होंने एक स्वास्थ्य केंद्र को गोद लेने का संकल्प लेते हुए कहा कि वहां डायलिसिस, सुरक्षित प्रसव (डिलीवरी) और आधुनिक लैब जैसी सुविधाएं विकसित की जाएंगी ताकि गरीब मरीजों को शहर से बाहर न जाना पड़े। डॉक्टरों को प्रोत्साहित करते हुए उन्होंने कहा कि किसी भी संसाधन की कमी होने पर वे सीधे उनसे संपर्क करें, जिसका तत्काल समाधान किया जाएगा। उनका लक्ष्य मेदिनीनगर को एक 'स्वस्थ और स्वच्छ' शहर के रूप में स्थापित करना है।

नगर निगम क्लीनिकों के बाद महापौर अरुणा शंकर एमएमसीएच (MMCH) अस्पताल पहुंचीं, जहां उन्होंने महिला वार्ड का गहन निरीक्षण किया। अस्पताल अधीक्षक डॉ. अजय विश्वकर्मा और अन्य वरिष्ठ डॉक्टरों ने उनका स्वागत किया और अस्पताल की कार्यप्रणाली की जानकारी दी। महापौर महिला वार्ड की साफ-सफाई और चिकित्सा व्यवस्था से संतुष्ट दिखीं, लेकिन पीने के पानी की उचित व्यवस्था न होने पर उन्होंने गहरी नाराजगी जताई। उनके निर्देश पर अधीक्षक ने तत्काल पेयजल की व्यवस्था करने का भरोसा दिया। वहीं, अस्पताल के पास स्थित निगम शौचालय के बंद होने की शिकायत पर महापौर ने कड़ा रुख अपनाते हुए अधिकारियों को दो दिनों के भीतर सफाई कर इसे जनता के लिए खोलने का निर्देश दिया। उनके इस सक्रिय रुख के लिए अस्पताल में भर्ती महिला मरीजों ने उनका आभार व्यक्त किया।

Post a Comment

और नया पुराने