पलामू: अवैध पशु तस्करी के खिलाफ पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 7 गायों के साथ एक तस्कर गिरफ्तार
पलामू जिले में अवैध पशु तस्करी पर नकेल कसते हुए पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल की है। गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए विश्रामपुर थाना प्रभारी ऋषिकेश कुमार सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने नावाटांड़ कला देवी धाम के पास एक चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान पुलिस ने एक सफेद रंग की बोलेरो पिकअप (JH03AW 9020) को जब्त किया, जिसमें सात गोवंशीय पशुओं (बैलों) को अत्यंत क्रूरतापूर्वक ठूंसकर बिहार ले जाया जा रहा था। पुलिस टीम को देखकर भागने का प्रयास कर रहे वाहन चालक पिंटू शर्मा (26 वर्ष), जो औरंगाबाद जिले के कुटुंबा का निवासी है, को सशस्त्र बलों की मदद से खदेड़ कर गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने कबूल किया कि वह इन पशुओं को बेचने के उद्देश्य से बिहार के गया ले जा रहा था।
इस गंभीर मामले में पुलिस ने गिरफ्तार चालक के अलावा वाहन मालिक हैदरनगर निवासी इमरान हुसैन और गढ़वा निवासी मुमताज अंसारी के खिलाफ भी प्राथमिकी दर्ज की है। पुलिस ने मौके से जब्त किए गए वाहन, सात बैलों (4 सफेद, 2 काले और 1 लाल) और एक मोबाइल फोन को साक्ष्य के तौर पर प्रस्तुत करते हुए विश्रामपुर थाना में कांड संख्या 19/2026 दर्ज किया है। यह मामला भारतीय न्याय संहिता 2023, झारखंड गोवंशीय पशु हत्या प्रतिषेध अधिनियम 2005 और पशु क्रूरता निवारण अधिनियम 1960 की सुसंगत धाराओं के तहत दर्ज किया गया है। पुलिस का स्पष्ट कहना है कि पशुओं के प्रति ऐसी क्रूरता एक गंभीर अपराध है और गिरोह के अन्य फरार सदस्यों की सरगर्मी से तलाश की जा रही है।
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें