पलामू: विश्व हिंदू परिषद की जिला स्तरीय बैठक संपन्न, 19 मार्च से 2 अप्रैल तक 200 स्थानों पर मनेगा रामोत्सव
मेदिनीनगर (पलामू)। विश्व हिंदू परिषद (विहिप) के पलामू जिला कार्यालय में रामोत्सव कार्यक्रमों की तैयारियों को लेकर एक महत्वपूर्ण जिला स्तरीय बैठक का आयोजन किया गया। इस बैठक की अध्यक्षता जिला उपाध्यक्ष लाला प्रसाद यादव ने की, जबकि संचालन का जिम्मा जिला मंत्री अमित तिवारी ने संभाला। बैठक का मुख्य फोकस पूरे जिले में आगामी रामोत्सव कार्यक्रमों के भव्य आयोजन की विस्तृत रूपरेखा तैयार करने पर रहा। कार्यक्रमों के सुचारू संचालन और रूपरेखा को धरातल पर उतारने के लिए यह भी निर्णय लिया गया कि जिले के प्रत्येक प्रखंड में 8 से 14 फरवरी तक प्रखंड स्तरीय बैठकें आयोजित की जाएंगी।
बैठक में विशेष रूप से उपस्थित विहिप झारखंड प्रांत सेवा टोली के सदस्य सह पलामू जिला पालक दामोदर मिश्र ने जानकारी दी कि चैत्र शुक्ल प्रतिपदा (19 मार्च) से लेकर चैत्र पूर्णिमा (2 अप्रैल 2026) तक पूरे जिले में रामोत्सव कार्यक्रम धूमधाम से आयोजित किए जाएंगे। विहिप ने जिले भर में लगभग 200 स्थानों पर राम जन्मोत्सव मनाने की योजना बनाई है। उन्होंने बताया कि रामोत्सव और विहिप का स्थापना दिवस ऐसे वार्षिक आयोजन हैं, जिन्हें समिति युक्त सभी प्रखंडों, पंचायतों और गांवों में अनिवार्य रूप से किया जाता है। इसके साथ ही विहिप द्वारा संचालित संस्कारशालाओं, छात्रावासों, विद्यालयों, चिकित्सा और कौशल विकास केंद्रों के अलावा साप्ताहिक मिलन, सत्संग व शक्ति साधना केंद्रों पर भी इन कार्यक्रमों का आयोजन होगा।
जिला मंत्री अमित तिवारी ने कार्यक्रम के स्वरूप को स्पष्ट करते हुए कहा कि इन आयोजनों में बजरंग दल, मातृशक्ति, दुर्गा वाहिनी, सत्संग, सेवा और धर्मप्रसार सहित सभी आयामों के कार्यकर्ताओं की सहभागिता अनिवार्य होगी। यह कार्यक्रम सुविधानुसार मंदिर, सभागार, किसी के घर या मैदान में आयोजित किए जा सकते हैं, लेकिन आयोजन स्थल पर विहिप का बैनर और राम दरबार का चित्र लगाना आवश्यक होगा। कार्यक्रम की शुरुआत ओंकार, एकात्मता मंत्र और विजय महामंत्र के जाप से होगी, जिसके बाद राम भजन और आरती की जाएगी। हर आयोजन में विहिप का एक वक्ता मौजूद रहेगा और बौद्धिक सत्र के दौरान कुटुंब प्रबोधन, सामाजिक समरसता तथा भगवान राम के जीवन प्रसंगों पर चर्चा की जाएगी। इस बैठक में दामोदर मिश्र, लाला प्रसाद यादव, अमित तिवारी, संगठन मंत्री संतोष प्रसाद यादव, बजरंग दल जिला संयोजक संदीप प्रसाद गुप्ता सहित कई अन्य प्रमुख पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें