मेदिनीनगर में 'अनसंग हीरो अवार्ड्स' का भव्य आयोजन: समाज सेवा के गुमनाम नायकों को किया गया सम्मानित


मेदिनीनगर: 'द आर्ट ऑफ लिविंग' संस्था द्वारा आयोजित 'अनसंग हीरो अवार्ड्स' समारोह गुरुवार शाम को चित्रगुप्त मंदिर परिसर में गरिमापूर्ण तरीके से संपन्न हुआ। इस विशेष कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य शहर के उन समर्पित और गुमनाम नायकों को पहचान देना था, जो प्रचार-प्रसार से दूर रहकर शिक्षा, स्वास्थ्य, स्वच्छता और महिला सशक्तिकरण जैसे क्षेत्रों में निस्वार्थ भाव से समाज की सेवा कर रहे हैं। इस अवसर पर भारत विकास परिषद के सत्येन्द्र नाथ तिवारी, पलामू स्केटिंग के अध्यक्ष चंदन जी और चित्रगुप्त मंदिर प्रबंधन समिति के अध्यक्ष को समाज हित में उनके उत्कृष्ट कार्यों के लिए विशेष रूप से सम्मानित किया गया। समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित उप महापौर श्री मनोज सिंह ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम की शुरुआत की और सभी सम्मानित होने वाले समाजसेवियों को प्रशस्ति पत्र एवं स्मृति चिन्ह भेंट किए।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उप महापौर मनोज सिंह ने कहा कि एक आदर्श समाज का निर्माण ऐसे ही कर्मठ लोगों के प्रयासों से होता है जो बिना किसी निजी अपेक्षा के दूसरों की मदद के लिए तत्पर रहते हैं। उन्होंने जोर देकर कहा कि ऐसे निस्वार्थ लोगों को सम्मानित करना पूरे समाज का नैतिक उत्तरदायित्व है। 'द आर्ट ऑफ लिविंग' की मेदिनीनगर टीम ने इस आयोजन के माध्यम से युवाओं को समाज सेवा के प्रति प्रेरित करने का संदेश दिया। कार्यक्रम में शहर के कई गणमान्य नागरिक, विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि और स्थानीय लोग सपरिवार शामिल हुए। समारोह का सफल संचालन रमेश जी द्वारा किया गया और अंत में सीमा दीदी ने धन्यवाद ज्ञापन किया। गुरु वंदना और प्रसाद वितरण के साथ इस प्रेरणादायक समारोह का समापन हुआ, जिसमें संस्था के प्रमोद सिंह, पायल लाठ, जय प्रकाश जी, किशोर सिन्हा, विवेक अग्रवाल और संदीप मिश्रा सहित कई सदस्य सक्रिय रहे।

Post a Comment

और नया पुराने