झारखंड के पलामू जिले से एक दिल दहला देने वाली ऑनर किलिंग की घटना सामने आई है। मेदिनीनगर के लेस्लीगंज थाना क्षेत्र में एक पिता ने अपनी ही बेटी के प्रेम संबंध से नाराज होकर उसकी कुल्हाड़ी (टांगी) से काटकर बेरहमी से हत्या कर दी। इस खौफनाक वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी पिता मौके से फरार हो गया है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की गहन जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह पूरी खौफनाक घटना लेस्लीगंज थाना क्षेत्र के लोहरा गांव की है। आरोपी पिता की पहचान अगस्त कुमार और मृतका की पहचान उसकी बेटी अंजलि के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि अगस्त कुमार अपनी बेटी के प्रेम प्रसंग को लेकर पिछले काफी समय से नाराज चल रहा था। स्थानीय ग्रामीणों के मुताबिक, हाल ही में पिता ने अंजलि को मोबाइल फोन पर किसी से बात करते हुए पकड़ा था। इसके साथ ही उसने बेटी के फोन में कुछ तस्वीरें भी देख ली थीं, जिसके बाद उसकी नाराजगी चरम पर पहुंच गई और उसने अपनी ही बेटी को मौत के घाट उतारने का खौफनाक फैसला कर लिया।
बताया जा रहा है कि हत्या की यह वारदात रविवार देर रात की है। जब अंजलि अपने कमरे में गहरी नींद में सोई हुई थी, तभी गुस्से में आगबबूला आरोपी पिता अगस्त कुमार हाथ में कुल्हाड़ी लेकर उसके कमरे में दाखिल हुआ। उसने सोते हुए ही अपनी बेटी पर कुल्हाड़ी से ताबड़तोड़ जानलेवा हमला कर दिया। हमले में अत्यधिक खून बह जाने के कारण अंजलि की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। दिल दहला देने वाली इस घटना के वक्त अंजलि की मां और भाई भी घर में मौजूद थे। सुबह होते ही गांव में इस वारदात की खबर फैल गई, जिसके बाद भारी संख्या में ग्रामीण इकट्ठा हो गए और पूरे इलाके में सन्नाटा पसरा हुआ है।
इस सनसनीखेज वारदात की पुष्टि करते हुए लेस्लीगंज थाना प्रभारी उत्तम कुमार राय ने स्पष्ट किया कि यह पूरी तरह से ऑनर किलिंग का ही मामला है, जहां एक पिता ने टांगी से मारकर अपनी बेटी की हत्या कर दी है। थाना प्रभारी ने बताया कि पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए त्वरित कार्रवाई की है और हत्या में इस्तेमाल की गई टांगी (कुल्हाड़ी) को भी बरामद कर लिया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया गया है। फिलहाल आरोपी पिता अगस्त कुमार पुलिस की गिरफ्त से बाहर है। पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही है और अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
एक टिप्पणी भेजें