मेदिनीनगर/पिपराटांड़: झारखंड के पलामू जिला अंतर्गत पिपराटांड़ थाना क्षेत्र के ग्राम करमा में हुई राजमनी पाठक (60 वर्ष) की सनसनीखेज हत्या के मामले को पुलिस ने महज कुछ ही दिनों में सुलझा लिया है। पलामू पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामले के मुख्य नामजद अभियुक्त बीरेन्द्र कुमार सिंह उर्फ गुड्डू सिंह (38 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया है। इस सफलता के साथ ही पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल की गई लोहे की कुल्हाड़ी और एक पीले रंग का थैला भी आरोपी की निशानदेही पर बरामद कर लिया है। विदित हो कि बीते 29 अप्रैल 2026 को राजमनी पाठक की निर्मम हत्या की सूचना प्राप्त हुई थी, जिसके बाद मृतक की पत्नी पुनम देवी के लिखित आवेदन पर पुलिस ने बीएनएस की विभिन्न धाराओं और आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरीय अधिकारियों के निर्देश पर एक विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया था, जिसने लगातार दबिश देते हुए आरोपी बीरेन्द्र सिंह को हिरासत में लिया। पुलिसिया पूछताछ के दौरान शुरुआत में आरोपी ने पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की, लेकिन कड़ाई से पूछताछ किए जाने पर उसने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। पुलिस ने स्वतंत्र गवाहों की उपस्थिति में विधिवत जब्ती सूची बनाकर साक्ष्यों को अपने कब्जे में ले लिया है और आवश्यक कागजी कार्रवाई पूरी करने के बाद अभियुक्त को माननीय न्यायालय के समक्ष पेश करने हेतु भेज दिया गया है। इस सफल उद्भेदन में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी मनोज कुमार झा, पुलिस निरीक्षक जितराम महली और पिपराटांड़ थाना प्रभारी निलेश कुमार सहित सशस्त्र बल के जवानों की सराहनीय भूमिका रही।
एक टिप्पणी भेजें