डालटनगंज प्रधान डाकघर में आधार सेवा का विस्तार, अब 12 घंटे दो काउंटरों पर मिलेगी सुविधा


पलामू जिले के निवासियों के लिए एक अच्छी खबर है, क्योंकि डालटनगंज प्रधान डाकघर में आमजनों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए आधार सेवा का विस्तार किया गया है। दिनांक 27 मई 2026 को पलामू डाक मंडल के डाक अधीक्षक संजय कुमार संगम के कर कमलों द्वारा आधार सेवा केंद्र के एक अतिरिक्त नए काउंटर का विधिवत शुभारंभ किया गया। इस नई पहल के साथ ही अब 27 मई 2026 से डालटनगंज प्रधान डाकघर में आधार से जुड़े कार्यों के लिए दो काउंटरों पर आधार सुविधा उपलब्ध करा दी गई है।

इस उद्घाटन के अवसर पर डाक अधीक्षक महोदय ने बताया कि आम जनता को बेहतर एवं त्वरित आधार सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से आधार सेवा केंद्र अब प्रतिदिन प्रातः 07:00 बजे से संध्या 07:00 बजे तक संचालित रहेगा। डाक विभाग का यह मुख्य प्रयास है कि आधार सेवा के लिए आने वाले किसी भी नागरिक को बिना सेवा प्राप्त किए वापस न लौटना पड़े। इस महत्वपूर्ण कार्यक्रम में सहायक डाक अधीक्षक (केंद्रीय अनुमंडल) संतोष कुमार सिंह एवं डालटनगंज प्रधान डाकघर के पोस्टमास्टर रुपेश कुमार वर्मा भी उपस्थित रहे। पलामू डाक मंडल आम नागरिकों को सुगम, सरल एवं जनहितकारी सेवाएं प्रदान करने हेतु सदैव प्रतिबद्ध है।

Post a Comment

और नया पुराने