मेदिनीनगर में ट्रैफिक जाम से जनता त्रस्त, शाहपुर पुल बना मुसीबत का सबब, नए पुलिस कप्तान से सुधार की आस - आशीष भारद्वाज


पलामू (मेदिनीनगर): झारखंड के पलामू जिला मुख्यालय मेदिनीनगर में इन दिनों यातायात व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है, जिससे आम जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। शहर के हृदय स्थल और 'लाइफलाइन' माने जाने वाले शाहपुर पुल पर स्थिति सबसे अधिक भयावह बनी हुई है, जहाँ सुबह से लेकर रात तक राहगीरों को घंटों लंबे जाम का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि शहर में वाहनों का दबाव इस कदर बढ़ गया है कि मुख्य सड़कों पर पैदल चलना भी दूभर हो गया है, जबकि यातायात पुलिस की कार्यप्रणाली केवल खाना-पूर्ति तक ही सीमित नजर आ रही है। पुलिस बल में कुशलता और अनुभव की कमी के कारण सड़कों पर तैनात जवान ट्रैफिक नियंत्रित करने में नाकाम साबित हो रहे हैं, जिसके चलते आम जनता में भारी आक्रोश व्याप्त है।

शहर की इस गंभीर समस्या को लेकर सामाजिक कार्यकर्ता आशीष भारद्वाज ने नए पुलिस अधीक्षक (पलामू) का ध्यान आकर्षित किया है। उनका मानना है कि मेदिनीनगर न केवल जिला मुख्यालय है, बल्कि यह गढ़वा और लातेहार जिलों के लिए भी एक प्रमुख केंद्र है, जिससे यहाँ हमेशा भारी गहमागहमी रहती है। विशेषकर वैवाहिक सीजन में अतिक्रमण और अनियंत्रित यातायात के कारण समस्या विकराल रूप धारण कर लेती है। उन्होंने वर्तमान जनप्रतिनिधियों की उदासीनता पर भी सवाल उठाए हैं और उम्मीद जताई है कि नए युवा पुलिस कप्तान अपनी कार्यकुशलता और ऊर्जा से शहर की यातायात व्यवस्था को जल्द ही दुरुस्त करेंगे। इस संबंध में एक मांग पत्र भी सौंपा गया है, जिसमें शाहपुर पुल सहित शहर के अन्य व्यस्त इलाकों में पुलिस की मुस्तैदी बढ़ाने और स्थायी समाधान निकालने का आग्रह किया गया है।

Post a Comment

और नया पुराने