झारखंड में भीषण गर्मी का सितम: सरकार ने जारी किया हाई अलर्ट, स्कूलों की छुट्टियों पर जल्द होगा फैसला


झारखंड में लगातार बढ़ते तापमान और लू (Heatwave) के प्रकोप को देखते हुए राज्य सरकार पूरी तरह से अलर्ट मोड पर आ गई है। आपदा प्रबंधन एवं स्वास्थ्य विभाग के मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने राज्य के सभी जिलों के उपायुक्तों (DC) को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि वे अपने क्षेत्रों में भीषण गर्मी से उत्पन्न स्थितियों की गंभीरता से समीक्षा करें। मंत्री ने विशेष रूप से बच्चों के स्वास्थ्य को लेकर चिंता जाहिर करते हुए कहा है कि जिन जिलों में तापमान अत्यधिक बढ़ गया है, वहां स्थानीय परिस्थितियों के अनुसार स्कूलों में तत्काल छुट्टी घोषित करने पर विचार किया जाए ताकि बच्चों को जानलेवा लू और तेज धूप से बचाया जा सके।

स्वास्थ्य व्यवस्थाओं को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से मंत्री ने राज्य के सभी सरकारी अस्पतालों और स्वास्थ्य केंद्रों को विशेष तैयारी रखने के निर्देश दिए हैं। विभाग ने स्पष्ट किया है कि अस्पतालों में हीट स्ट्रोक और डिहाइड्रेशन के मरीजों के लिए पर्याप्त दवाओं, बेड और प्राथमिक उपचार की पुख्ता व्यवस्था होनी चाहिए। डॉक्टरों, नर्सों और सहिया कर्मियों सहित सभी चिकित्सा कर्मियों को चौबीसों घंटे मुस्तैद रहने को कहा गया है ताकि किसी भी आपातकालीन स्थिति में आम जनता को तुरंत राहत पहुंचाई जा सके। सरकार ने चेतावनी दी है कि कार्यों में किसी भी स्तर पर लापरवाही मिलने पर संबंधित अधिकारियों के खिलाफ सख्त अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।

मौसम विभाग की ताजा रिपोर्ट के अनुसार पलामू, गढ़वा, चतरा, लातेहार और सिमडेगा सहित राज्य के कई अन्य जिलों के लिए 'येलो अलर्ट' जारी किया गया है, जहाँ पारा 40 से 44 डिग्री सेल्सियस के बीच पहुंचने की संभावना है। मौसम वैज्ञानिकों ने आने वाले दिनों में गर्मी में और अधिक बढ़ोतरी होने के संकेत दिए हैं। इसी को ध्यान में रखते हुए सरकार ने आम जनता के लिए विशेष सावधानी बरतने की सलाह जारी की है। लोगों को दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे के बीच घर से बाहर निकलने से बचने, पर्याप्त मात्रा में पानी पीने और धूप में निकलते समय सिर ढकने जैसे एहतियाती कदम उठाने का सुझाव दिया गया है।

Post a Comment

और नया पुराने