पांकी के गोगाड़ में सब्जी विक्रेता पर जानलेवा हमला: हफ़्तों बाद भी पुलिस के हाथ खाली, न्याय के लिए भटक रहा पीड़ित परिवार


पलामू (झारखंड): झारखंड के पलामू जिले अंतर्गत पांकी प्रखंड के गोगाड़ गांव में एक गरीब सब्जी विक्रेता पर हुए बर्बर हमले को कई हफ्ते बीत चुके हैं, लेकिन अब तक अपराधी पुलिस की पहुंच से बाहर हैं। गोगाड़ निवासी अनिल कुमार, जो सब्जी बेचकर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे, उन पर 15 मार्च की शाम उस वक्त हमला हुआ जब वे आसेहार बाजार से अपने घर लौट रहे थे। घर के समीप ही घात लगाकर बैठे 8 से 10 अज्ञात अपराधियों ने धारदार हथियारों से उन पर प्राणघातक हमला कर दिया। इस हमले में अनिल कुमार के शरीर पर दर्जनों गहरे जख्म आए, जिसके कारण उन्हें लगभग दो सप्ताह तक अस्पताल में जिंदगी और मौत के बीच जूझना पड़ा।

गंभीर रूप से घायल अनिल कुमार को अस्पताल से छुट्टी तो मिल गई है, लेकिन उनकी शारीरिक स्थिति और घर की आर्थिक तंगी ने परिवार को तोड़कर रख दिया है। इलाज में लाखों रुपये खर्च होने के कारण परिवार अब दाने-दाने को मोहताज है और खौफ के साये में जीने को मजबूर है। पीड़ित और उनके परिजनों ने रविवार को अपनी व्यथा साझा करते हुए कहा कि घटना के इतने दिन बीत जाने के बाद भी पुलिस प्रशासन द्वारा कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। हालांकि, अनिल कुमार ने थोड़ा स्वस्थ होने के बाद स्वयं पांकी थाने में जाकर नामजद आवेदन दिया है, फिर भी आरोपियों की गिरफ्तारी न होना पुलिसिया कार्यशैली पर सवालिया निशान खड़ा कर रहा है।

परिजनों ने मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक (SP) पलामू से न्याय की गुहार लगाई है और दोषियों की अविलंब गिरफ्तारी की मांग की है। पीड़ित परिवार का कहना है कि वे असुरक्षित महसूस कर रहे हैं और जब तक अपराधी पकड़े नहीं जाते, उनका डर खत्म नहीं होगा। दूसरी ओर, इस मामले पर पांकी थाना प्रभारी का कहना है कि पुलिस निरंतर मामले की छानबीन में जुटी हुई है। जांच को गति देने के लिए टेक्निकल टीम की भी सहायता ली जा रही है। पुलिस प्रशासन ने आश्वासन दिया है कि साक्ष्यों के आधार पर जल्द ही दोषियों को सलाखों के पीछे भेजा जाएगा और पीड़ित परिवार को उचित न्याय मिलेगा।

Post a Comment

और नया पुराने