पलामू जिले के लेस्लीगंज थाना क्षेत्र स्थित मुंदरिया गांव में एक 17 वर्षीय नाबालिग लड़की की आत्महत्या के मामले में एक नया और अहम मोड़ सामने आया है। इस घटना को लेकर मृतका के परिजनों ने एक युवक पर गंभीर आरोप लगाए हैं, जिसके बाद पुलिस ने मामले में प्राथमिकी (FIR) दर्ज कर ली है।
आपत्तिजनक फोटो और वीडियो वायरल करने की मिली थी धमकी
परिजनों द्वारा लगाए गए आरोप के अनुसार, पड़वा थाना क्षेत्र के मानआहर गांव निवासी हृदय पासवान के बेटे टुनटुन पासवान ने घटना वाले दिन नाबालिग लड़की को फोन किया था। आरोप है कि टुनटुन ने फोन पर लड़की को धमकी दी थी कि वह उन दोनों की आपत्तिजनक तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर देगा।
धमकी के बाद तनाव में आकर उठाया खौफनाक कदम
बताया जा रहा है कि इस धमकी के बाद नाबालिग मानसिक रूप से काफी गहरे तनाव में आ गई थी। टुनटुन से फोन पर हुई बातचीत के बाद वह काफी रो भी रही थी। इसके कुछ ही समय बाद, इसी मानसिक दबाव के चलते उसने फांसी लगाकर अपनी जान दे दी। ज्ञात हो कि लड़की कुछ दिन पहले ही अपने फुआ (बुआ) के घर मुंदरिया गांव आई हुई थी।
पुलिस ने रुकवाया अंतिम संस्कार, शव को भेजा पोस्टमार्टम के लिए
आत्महत्या की इस घटना के बाद परिजनों ने पुलिस को कोई सूचना नहीं दी और वे शव का दाह-संस्कार करने के लिए उसे सीधे मानआहर गांव ले जा रहे थे। लेकिन पुलिस को मामले की भनक लग गई। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए दाह-संस्कार को बीच में ही रुकवा दिया। शव को अपने कब्जे में लेकर पुलिस ने उसे पोस्टमार्टम के लिए मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (MRMCH) भेज दिया है।
आरोपी के खिलाफ FIR दर्ज, जांच में जुटी पुलिस
इधर, अस्पताल में पुलिस चौकी को दिए गए मृतका के पिता के फर्द बयान के आधार पर लेस्लीगंज थाने में आरोपी टुनटुन पासवान के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस फिलहाल घटनास्थल का जायजा ले रही है और मामले की गंभीरता को देखते हुए हर पहलू से इस घटना की सघन जांच कर रही है ताकि सच्चाई का पता लगाया जा सके।
एक टिप्पणी भेजें