हनीमून पर दुबई गया लातेहार का नवविवाहित डॉक्टर जोड़ा फंसा, युद्ध के तनाव के बीच सुरक्षित वापसी की गुहार
चंदवा/लातेहार: लातेहार जिले के चंदवा स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) में कार्यरत चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. कंचन बाड़ा और उनके पति अतुल उरांव इन दिनों अंतरराष्ट्रीय संकट के बीच दुबई में फंस गए हैं। पश्चिम एशिया में अमेरिका, इजरायल और ईरान के बीच बढ़ते युद्ध के तनाव के कारण अंतरराष्ट्रीय उड़ानें रद्द कर दी गई हैं, जिससे यह नवविवाहित जोड़ा स्वदेश वापस नहीं लौट पा रहा है। संकट की इस घड़ी में दोनों ने भारत सरकार और राज्य सरकार से सुरक्षित वापसी के लिए मदद की अपील की है।
जानकारी के अनुसार, डॉ. कंचन बाड़ा और अतुल उरांव का विवाह बीते 22 फरवरी को रांची में हुआ था। शादी के बाद अपनी नई जिंदगी की शुरुआत को यादगार बनाने के लिए दोनों 27 फरवरी को हनीमून मनाने दुबई रवाना हुए थे। उनकी वापसी की फ्लाइट 4 मार्च को निर्धारित थी, लेकिन ऐन वक्त पर सुरक्षा कारणों और हवाई क्षेत्र (airspace) बंद होने की वजह से कई उड़ानें रद्द कर दी गईं। इसके चलते यह दंपति अब दुबई के एक होटल में ही रुकने को मजबूर है।
डॉ. कंचन बाड़ा ने वहां से जानकारी साझा करते हुए बताया कि वे फिलहाल सुरक्षित हैं, लेकिन लगातार मिल रही युद्ध की खबरों से चिंता का माहौल बना हुआ है। उन्होंने कहा कि दुबई में कई जगहों पर गतिविधियां सीमित कर दी गई हैं और हर बीतते दिन के साथ घर लौटने की बेचैनी बढ़ती जा रही है। उन्होंने उम्मीद जताई है कि भारत सरकार जल्द ही कोई रास्ता निकालेगी ताकि वे सुरक्षित वापस लौट सकें।
वहीं, अतुल उरांव ने कहा कि जिस यात्रा को वे अपने जीवन का सबसे खूबसूरत पल बनाना चाहते थे, वह अब अनिश्चितता और तनाव में बदल गई है। उन्होंने बताया कि दुबई एयरपोर्ट पर भी बड़ी संख्या में भारतीय पर्यटक फंसे हुए हैं और सभी अपने वतन लौटने का इंतजार कर रहे हैं। इधर रांची और चंदवा में उनके परिजनों की चिंता भी लगातार बढ़ रही है। परिवार के लोगों ने प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री से हस्तक्षेप कर सभी फंसे हुए लोगों को एयरलिफ्ट करने की मांग की है।
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें