मेदिनीनगर। शहर में एक बार फिर संवेदनहीनता और इंसानियत की दो विपरीत तस्वीरें एक साथ देखने को मिलीं। मेदिनीनगर के डीएवी इंजीनियरिंग कॉलेज के एक छात्र, तारीख अनवर, एक सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर तड़पते रहे, लेकिन वहां मौजूद भीड़ में से कोई भी उनकी मदद के लिए आगे नहीं आया। बताया जा रहा है कि दुर्घटना के समय छात्र के सिर और बांह में काफी चोटें आई थीं, जिससे वह सड़क पर असहाय पड़ा रहा। विडंबना यह रही कि आसपास मौजूद लोग घायल की मदद करने के बजाय केवल तमाशबीन बनकर खड़े रहे और कुछ लोग मोबाइल से वीडियो बनाने में ही मशगूल दिखे।
इसी बीच मानवता का परिचय देते हुए जोहार इंडिया न्यूज़ के पत्रकार रोहित कुमार वहां पहुँचे। उन्होंने बिना समय गंवाए घायल छात्र को उठाया और तुरंत इलाज के लिए एसपीएमएस हॉस्पिटल पहुँचाया। जानकारी के अनुसार, छात्र को इंजीनियरिंग कॉलेज के पास दुबियाखांड़ से अस्पताल ले जाया गया, जहाँ फिलहाल उसका इलाज जारी है। पत्रकार रोहित कुमार की इस त्वरित कार्रवाई ने न केवल एक छात्र की जान बचाई, बल्कि समाज के सामने एक सराहनीय उदाहरण भी पेश किया है।
इस घटना ने एक बार फिर आधुनिक समाज की नैतिकता पर सवाल खड़े कर दिए हैं। जहाँ आज के दौर में लोग किसी की जान बचाने से ज्यादा सोशल मीडिया के लिए वीडियो बनाने को प्राथमिकता देते हैं, वहीं रोहित कुमार जैसे लोग उम्मीद की किरण बनकर सामने आते हैं। स्थानीय लोग और छात्र समुदाय अब पत्रकार की इस पहल की जमकर सराहना कर रहे हैं, जबकि घटनास्थल पर मौजूद लोगों की संवेदनहीनता की कड़ी आलोचना की जा रही है।
एक टिप्पणी भेजें