मैकलुस्कीगंज से लापता तीन बच्चे लातेहार में सुरक्षित बरामद, 'लापता हेल्प डेस्क' की कोशिशें लाईं रंग

मैकलुस्कीगंज/लातेहार। रांची जिले के मैकलुस्कीगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत बिरोहर टोला के रहने वाले तीन नन्हे बच्चों के सुरक्षित मिलने से परिजनों ने राहत की सांस ली है। ये तीनों बच्चे बीते 21 मार्च को अपने घर से निकले थे और खलारी पहुंच गए थे। 21 मार्च की सुबह करीब 7 बजे उन्हें खलारी रेलवे स्टेशन परिसर में देखा गया था, जिसके बाद वे अचानक लापता हो गए। देर शाम तक जब बच्चे घर नहीं लौटे, तो चिंतित परिजनों ने स्थानीय लोगों की मदद से मैकलुस्कीगंज पुलिस को इसकी सूचना दी।

बच्चों की बरामदगी में 'लापता हेल्प डेस्क' और रेलवे सुरक्षा बल (RPF) की भूमिका सराहनीय रही। पुलिस द्वारा खोजबीन के बीच, खलारी की संस्था 'लापता हेल्प डेस्क' भी सक्रियता से बच्चों की तलाश में जुटी थी। इसी क्रम में बरवाडीह रेलवे सुरक्षा बल के जवानों को तीन बालक मिले, जिसकी सूचना तुरंत हेल्प डेस्क के मुन्नू शर्मा एवं पंकज प्रसाद को दी गई। फोटो के जरिए मिलान और सत्यापन करने के बाद बच्चों की पहचान सुनिश्चित की गई।

उचित संरक्षण और वैधानिक प्रक्रिया के तहत बच्चों को वर्तमान में लातेहार चाइल्ड लाइन को सुपुर्द कर दिया गया है। मैकलुस्कीगंज पुलिस अब लापता हेल्प डेस्क के साथ समन्वय स्थापित कर बच्चों को वापस लाने की प्रक्रिया पूरी कर रही है। बच्चों के सुरक्षित मिलने की खबर मिलते ही उनके परिवार और स्थानीय ग्रामीणों में खुशी की लहर दौड़ गई है और उन्होंने हेल्प डेस्क की टीम का आभार व्यक्त किया है। गौरतलब है कि यह संस्था अब तक देश भर के 600 से अधिक लापता लोगों को उनके परिजनों से मिलाने में सफल रही है।

Post a Comment

और नया पुराने