सिमडेगा। जिले के दस होनहार पहलवान 26वीं झारखंड सीनियर कुश्ती प्रतियोगिता में अपना दमखम दिखाने के लिए पलामू के हरिहरगंज के लिए रवाना हो गए हैं। इस अवसर पर जिला कुश्ती संघ के सचिव कमलेश्वर मांझी और उपाध्यक्ष बलबीर प्रसाद सहित अन्य खेल प्रेमियों ने खिलाड़ियों को जीत की अग्रिम शुभकामनाएँ देते हुए विदा किया। संघ के पदाधिकारियों ने विश्वास जताया कि ये खिलाड़ी राज्य स्तर पर सिमडेगा का नाम रोशन करेंगे और पदक जीतकर वापस लौटेंगे।
बताया गया है कि यह राज्य स्तरीय कुश्ती प्रतियोगिता पलामू के हरिहरगंज में 14 से 16 नवंबर तक आयोजित की जाएगी। पलामू जाने वाले दल का नेतृत्व कोच संजय ठाकुर कर रहे हैं। महिला पहलवानों की टीम में पूजा कुमारी, खुर्शिता टोप्पो, होलिका कुमारी, अनुराधा कुमारी, अंजना कुमारी और सरस्वती कुमारी शामिल हैं, जबकि पुरुष वर्ग में सचिन लकड़ा, श्याम राउत, परमेश्वर यादव और मृत्युंजय सिंह अपनी चुनौती पेश करेंगे। पूरा जिला इन खिलाड़ियों के बेहतर प्रदर्शन की कामना कर रहा है।
एक टिप्पणी भेजें