लातेहार। झारखंड के लातेहार जिले के नेतरहाट थाना क्षेत्र से एक मानवता को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है। यहाँ के दौना गांव में अंधविश्वास के चलते एक वृद्ध व्यक्ति को 'डायन' बताकर जबरन मैला पिलाने का सनसनीखेज मामला प्रकाश में आया है। पुलिस ने इस अमानवीय कृत्य को गंभीरता से लेते हुए कड़ा रुख अपनाया है और नेतरहाट थाना में कांड संख्या 06/26 के तहत आधिकारिक प्राथमिकी (FIR) दर्ज कर ली है।
घटना के संबंध में बताया जा रहा है कि पीड़ित वृद्ध फुदन मुंडा पर गांव के ही कुछ लोगों ने 'डायन' होने का आरोप लगाया था। आरोपियों का मानना था कि गांव में हाल ही में हुई एक सड़क दुर्घटना उक्त वृद्ध के कथित 'जादू-टोने' के कारण हुई है। इसी बात को लेकर मंगलवार को गांव में एक बैठक बुलाई गई थी, जहाँ भीड़ ने कानून को ताक पर रखकर वृद्ध के साथ यह घिनौनी हरकत की। पीड़ित परिवार की शिकायत पर पुलिस ने छतना मुंडा, धनेश्वर मुंडा और कृष्णा मुंडा समेत 6 नामजद और 15 अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
पुलिस अब उस बैठक में शामिल अन्य लोगों की पहचान करने में जुटी है जिन्होंने इस अमानवीय कृत्य में साथ दिया। थाना प्रभारी ने स्पष्ट किया है कि अंधविश्वास के नाम पर किसी के सम्मान से खिलवाड़ करने वालों और कानून हाथ में लेने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। फिलहाल पुलिस की टीम चश्मदीदों और पीड़ित परिवार के बयान दर्ज कर रही है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी गई है।
एक टिप्पणी भेजें