पलामू: उपायुक्त की अध्यक्षता में 'जनता दरबार' का आयोजन, 15 दिनों के भीतर समस्याओं के निष्पादन का निर्देश

पलामू के समाहरणालय सभागार में बुधवार को उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी समीरा एस की अध्यक्षता में साप्ताहिक जनता दरबार का आयोजन किया गया। इस बैठक में जिले के विभिन्न प्रखंडों से आए ग्रामीणों और आम जनता ने अपनी व्यक्तिगत और सामुदायिक समस्याओं को उपायुक्त के समक्ष रखा। जनता की शिकायतों को गंभीरता से सुनते हुए उपायुक्त ने मौके पर ही संबंधित विभागों के पदाधिकारियों को शिकायतों के आवेदन अग्रसारित किए। उन्होंने सख्त निर्देश देते हुए कहा कि सभी आवेदनों पर त्वरित और निष्पक्ष कार्रवाई सुनिश्चित की जाए और 15 दिनों के भीतर प्रार्थियों की समस्याओं का समाधान किया जाए ताकि जनता को सरकारी सेवाओं का लाभ समय पर मिल सके।

जनता दरबार के दौरान हैदरनगर, पाण्डु, सदर मेदिनीनगर, ऊंटारी रोड, छतरपुर और पांकी सहित कई क्षेत्रों से लोग अपनी फरियाद लेकर पहुंचे थे। इस दौरान मुख्य रूप से भूमि विवाद, अवैध एलपीसी निर्माण, जमीन हड़पने के प्रयास और ऊंटारी सीओ द्वारा आदेश के बावजूद कार्य न करने जैसी गंभीर शिकायतें प्राप्त हुईं। इसके अतिरिक्त, अबुआ आवास की दूसरी किस्त का भुगतान न होने, पीएम आवास योजना में अयोग्य लाभुकों के चयन, स्वास्थ्य विभाग, शिक्षा, पेयजल और कल्याण विभाग से संबंधित दर्जनों मामले सामने आए। उपायुक्त ने सभी विभागीय अधिकारियों को जांच कर नियमानुसार कार्रवाई करने का भरोसा दिलाया और आवेदकों को आश्वस्त किया कि प्रशासन उनकी समस्याओं के शीघ्र समाधान के लिए प्रतिबद्ध है।

Post a Comment

और नया पुराने