चैनपुर, पलामू: झारखंड के पलामू जिला अंतर्गत चैनपुर प्रखंड के ग्राम बेड़मा बभांडी में आस्था और सौहार्द का संगम देखने को मिला, जहाँ हजरत मकदूम सैयद अब्दुल लतीफ शाहदाता रहमतुल्लाह अलैह के मजार पर दो दिवसीय सालाना उर्स का गरिमामय आयोजन किया गया। इस धार्मिक उत्सव का विधिवत उद्घाटन समाजसेवी टाइगर कुमार, पूर्व मेयर प्रत्याशी आयशा सिंह किन्नर, जिला परिषद फजायल अहमद, सदर थाना के एएसआई समाल अहमद, फतेह अहमद, सदर एकराम अंसारी, सदर मो शौकत अंसारी, सेक्रेट्री अलामुद्दीन और सेक्रेट्री शमीम अंसारी ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया। कार्यक्रम की शुरुआत में उर्स कमेटी ने मुख्य अतिथि टाइगर कुमार को पारंपरिक तरीके से गमछा, पगड़ी और माला पहनाकर सम्मानित किया, जिसके जवाब में टाइगर कुमार ने भी कमेटी को तलवार और गमछा भेंट कर उनका उत्साहवर्धन किया।
सालाना उर्स के इस विशेष अवसर पर मजार शरीफ पर भारी संख्या में जायरीन उमड़े, जिन्होंने चादरपोशी कर क्षेत्र में अमन-चैन, शांति और आपसी भाईचारे के लिए दुआएं मांगी। उद्घाटन के दौरान सभा को संबोधित करते हुए टाइगर कुमार ने कहा कि बाबा की दरगाह एक ऐसा पवित्र स्थान है जहाँ से कोई भी खाली हाथ नहीं लौटता और यहाँ आने वाले हर जायरीन की मन्नत व मुराद पूरी होती है। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि ऐसे आयोजनों से समाज में प्रेम और सद्भाव बढ़ता है। कार्यक्रम के दौरान बेड़मा बभांडी उर्स कमेटी द्वारा अतिथियों को दिए गए मान-सम्मान की सराहना करते हुए उन्होंने इसे क्षेत्र की गंगा-जमुनी तहजीब का एक उत्कृष्ट उदाहरण बताया।
सांस्कृतिक संध्या का मुख्य आकर्षण कव्वाली का मुकाबला रहा, जिसमें मशहूर कव्वाल शरीफ परवाज और कव्वाला शिवा परवीन के बीच कांटे की टक्कर देखने को मिली। दोनों फनकारों ने एक से बढ़कर एक सूफियाना कलाम और कव्वालियां पेश कर वहां मौजूद विशाल जनसमूह को झूमने पर मजबूर कर दिया। इस मौके पर अबुल अंसारी, कलाम अंसारी, सैयद अंसारी, विनोद चौधरी, अयूब अंसारी, ग्यासुद्दीन अंसारी और मजलुम अंसारी सहित क्षेत्र के अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे। पूरे आयोजन ने न केवल धार्मिक आस्था को मजबूत किया, बल्कि समाज के विभिन्न वर्गों को एक सूत्र में पिरोकर क्षेत्र में सांप्रदायिक सौहार्द और भाईचारे का एक मजबूत पैगाम भी दिया।
एक टिप्पणी भेजें