पलामू: ओढ़नार निवासी विनोद तिवारी के पुत्र विनीत तिवारी की निर्मम हत्या के बाद क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है। इस दुखद घड़ी में राष्ट्रीय परशुराम युवा वाहिनी की टीम ने पीड़ित परिवार के आवास पर पहुंचकर उनसे मुलाकात की और अपनी गहरी संवेदना व्यक्त की। संगठन के मुख्य संरक्षक श्री अर्जुन पाण्डेय (गुरु पाण्डेय) के नेतृत्व में पहुंचे प्रतिनिधिमंडल ने शोकाकुल परिवार को ढांढस बंधाया और इस कठिन समय में उनके साथ चट्टान की तरह खड़े रहने का अटूट भरोसा दिया। युवा वाहिनी ने समाज के युवाओं के इस तरह असामयिक चले जाने को समाज के लिए एक अपूरणीय क्षति बताया है, जिससे पूरे सामाजिक ढांचे में असुरक्षा की भावना उत्पन्न हुई है।
इस दौरान राष्ट्रीय परशुराम युवा वाहिनी ने शासन और प्रशासन से इस मामले में तत्काल और कठोर हस्तक्षेप की पुरजोर अपील की है। संगठन ने मांग की है कि प्रशासन पूरी ईमानदारी के साथ आवश्यक कानूनी कदम उठाए ताकि विनीत के परिवार को उचित न्याय मिल सके और दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा दी जाए। इसके साथ ही, युवा वाहिनी ने व्यापक समाज से एकजुट होने की अपील करते हुए कहा कि अब समय आ गया है जब हर व्यक्ति को अपने परिवार और समाज की सुरक्षा के प्रति अपनी जवाबदेही तय करनी होगी। उन्होंने ईश्वर से प्रार्थना की कि पीड़ित परिवार को इस असहनीय दुःख को सहने की शक्ति और संबल प्रदान करें।
एक टिप्पणी भेजें