मेदिनीनगर: डालटनगंज थाना क्षेत्र के नावाटोली स्थित ऐतिहासिक सौंदर्स तालाब के अस्तित्व को बचाने के लिए अब स्थानीय स्तर पर मांग तेज होने लगी है। मत्स्यजीवी सहयोग समिति के सदस्यों और झामुमो नेता मुकेश कुमार चौधरी ने इस गंभीर मामले को लेकर प्रमंडलीय आयुक्त श्रीमती कुमुद सहाय को एक ज्ञापन सौंपा है, जिसमें तालाब को अतिक्रमण मुक्त कराने के लिए तत्काल प्रशासनिक हस्तक्षेप की अपील की गई है। समिति के अनुसार, खाता संख्या 580 और प्लॉट संख्या 1170 के अंतर्गत आने वाला करीब 8.49 एकड़ में फैला यह तालाब लगभग एक हजार मछुआरों की रोजी-रोटी का मुख्य साधन है। खास बात यह है कि आजादी के पूर्व से ही इस तालाब के रखरखाव और राजस्व भुगतान की जिम्मेदारी मत्स्यजीवी समिति द्वारा निभाई जा रही है, ऐसे में इस पर हो रहे किसी भी तरह के निर्माण से उनकी आजीविका पर सीधा संकट मंडरा रहा है।
प्रमंडलीय आयुक्त को सौंपे गए ज्ञापन में नगर निगम की कार्यप्रणाली पर भी गंभीर आरोप लगाए गए हैं। आरोप है कि निगम द्वारा तालाब के जल निकासी वाले स्थान पर अवैध रूप से पक्का निर्माण कराया जा रहा है, जबकि पूर्व में इसी स्थान के लिए निकाली गई निविदा को तालाब की भूमि होने के कारण रद्द कर दिया गया था। समिति ने यह आशंका जताई है कि यदि इस अवैध निर्माण को तुरंत नहीं रोका गया, तो भविष्य में तालाब की जल निकासी पूरी तरह बाधित हो जाएगी, जिससे आस-पास के आवासीय इलाकों में जलभराव और बाढ़ जैसी स्थिति उत्पन्न हो सकती है। इसके अलावा, निकासी द्वार में अवरोध होने से मछलियां बहकर कोयल नदी में जा रही हैं, जिससे मछुआरों को भारी आर्थिक नुकसान हो रहा है। समिति ने स्पष्ट किया है कि पूर्व में अनुमंडल पदाधिकारी और नगर आयुक्त को सूचित करने के बावजूद कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई, इसलिए अब आयुक्त से अविलंब इस निर्माण कार्य पर रोक लगाने और तालाब को संरक्षित करने की गुहार लगाई गई है।
एक टिप्पणी भेजें