पांकी (पलामू): पांकी प्रखंड के माड़न भंडार चौक पर स्थित पप्पू जनरल किराना स्टोर में देर रात शॉर्ट सर्किट की वजह से भीषण आग लग गई। रात्रि लगभग 9:30 बजे हुई इस घटना में दुकान में रखी लाखों की संपत्ति जलकर राख हो गई। दुकान संचालक पप्पू अंसारी के अनुसार, आग इतनी तेजी से फैली कि दुकान में रखे सामान के साथ-साथ महाजन को देने के लिए रखे 45,000 रुपये नकद भी जलकर खाक हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों ने जब दुकान से धुआं निकलता देखा तो शोर मचाना शुरू किया, जिससे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थानीय ग्रामीणों ने सूझबूझ और तत्परता दिखाते हुए भारी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, वरना एक बड़ा हादसा हो सकता था।
दुकान संचालक पप्पू अंसारी ने अपनी व्यथा सुनाते हुए बताया कि उन्होंने समूह से कर्ज लेकर इस दुकान को खड़ा किया था। अब उनके सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया है और वे इस बात को लेकर चिंतित हैं कि महाजन और समूह का पैसा कैसे लौटाएंगे। उन्होंने प्रशासन पर सवाल उठाते हुए कहा कि यदि पांकी प्रखंड या पंचायत स्तर पर अग्निशमन वाहन (फायर ब्रिगेड) की व्यवस्था होती, तो शायद उनकी जमा-पूंजी को जलने से बचाया जा सकता था।
घटना की सूचना मिलने के बाद अगली सुबह कई जनप्रतिनिधि और समाजसेवी पीड़ित परिवार को ढांढस बंधाने पहुंचे। मौके पर पहुंचे माड़न मुखिया पति सह समाजसेवी रफीक अंसारी ने इसे एक अपूरणीय क्षति बताया और बिजली विभाग की लापरवाही पर कड़ा प्रहार किया। उन्होंने कहा कि यदि विभाग समय-समय पर बोर्ड और तारों की मरम्मत करता, तो ऐसी घटनाओं को रोका जा सकता था। वहीं, सकलदिपा मुखिया पति हफिजुल्लाह अंसारी ने गहरी संवेदना प्रकट करते हुए आश्वासन दिया कि वे इस मामले की उच्च स्तरीय जांच कराकर उचित मुआवजे की मांग करेंगे।
चतरा सांसद के समाज कल्याण प्रतिनिधि मंतू शर्मा ने भी घटनास्थल का जायजा लिया और ग्रामीणों के साहस की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि वह सांसद कालीचरण सिंह से इस परिवार के लिए आर्थिक सहायता की सिफारिश करेंगे और बिजली विभाग को मेंटेनेंस सुधारने के लिए निर्देशित करेंगे। इस दौरान मौके पर मौजूद अज़ीम साहब, नासीर अंसारी, महमूद अंसारी सहित सैकड़ों ग्रामीणों ने एक सुर में पांकी और पंचायत स्तर पर अग्निशमन वाहन उपलब्ध कराने की मांग की, ताकि भविष्य में होने वाले ऐसे हादसों के नुकसान को कम किया जा सके।
एक टिप्पणी भेजें