झारखंड के पलामू में खाना बनाने के दौरान फटा गैस सिलेंडर, हादसे में चार लोग झुलसे


मेदिनीनगर (पलामू): झारखंड के पलामू जिले के रामगढ़ थाना क्षेत्र अंतर्गत हुटार गांव में गुरुवार की शाम एक बड़ा हादसा हो गया। यहाँ एक घर में खाना बनाने के दौरान घरेलू गैस सिलेंडर में अचानक विस्फोट हो गया, जिसकी चपेट में आने से चार लोग झुलस गए। घायलों में से दो की स्थिति काफी गंभीर बताई जा रही है। घटना के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और धमाका इतना जोरदार था कि घर का एक हिस्सा भी क्षतिग्रस्त हो गया है।

हादसे की जानकारी मिलते ही स्थानीय ग्रामीणों की भीड़ मौके पर जमा हो गई। बताया जा रहा है कि हुटार गांव के निवासी कृष्णा चंद्रवंशी अपनी बीमार पत्नी का इलाज कराने मेदिनीनगर गए हुए थे और घर पर उनका 15 वर्षीय पोता बृजभान कुमार खाना बना रहा था। इसी दौरान सिलेंडर में अचानक आग लग गई। बृजभान के शोर मचाने पर आसपास के ग्रामीण वहां पहुंचे और पानी व रेत की मदद से आग बुझाने का प्रयास करने लगे। इसी कोशिश के दौरान अचानक सिलेंडर में तेज विस्फोट हो गया, जिसमें ज्ञानी मोची, अरुण मोची सहित चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

घटना की सूचना मिलने के बाद रामगढ़ थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। थाना प्रभारी ओमप्रकाश शाह ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि गंभीर रूप से घायल दो व्यक्तियों को तत्काल इलाज के लिए मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है, जहाँ उनका उपचार चल रहा है। अन्य दो घायलों को हल्की चोटें आई हैं। विस्फोट के कारण रसोई की दीवार गिर गई है और घर की छत पर लगी एस्बेस्टस शीट भी उड़ गई है। पुलिस फिलहाल पूरे मामले की छानबीन कर रही है।

Post a Comment

और नया पुराने