कतकटवा जंगल हत्याकांड का खुलासा: अवैध संबंध के शक में बुजुर्ग की कुल्हाड़ी से काटकर हत्या, दो गिरफ्तार

पलामू: झारखंड के पलामू जिले अंतर्गत तरहसी थाना क्षेत्र के कतकटवा जंगल में पिछले दिनों मिले एक बुजुर्ग के शव की गुत्थी को पुलिस ने सुलझा लिया है। पुलिस जांच में यह चौंकाने वाला खुलासा हुआ है कि इस हत्याकांड को अवैध संबंध के संदेह और आपसी रंजिश के कारण अंजाम दिया गया था। पुलिस ने इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है, जबकि एक अन्य आरोपी की तलाश में पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।

सोमवार को आयोजित एक प्रेस वार्ता के दौरान सर्किल इंस्पेक्टर सुबोध कुमार मंडल ने बताया कि 2 मार्च 2026 को पुलिस को कतकटवा जंगल के पास एक अज्ञात शव होने की सूचना मिली थी। घटनास्थल पर पहुँचने के बाद मृतक की पहचान सेवती गाँव निवासी 70 वर्षीय राजदेव महतो के रूप में हुई। मृतक की पत्नी के आवेदन पर अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई थी, जिसके बाद पलामू पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एक विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया गया ताकि मामले की गंभीरता से जांच की जा सके।

पुलिस अनुसंधान के दौरान यह बात सामने आई कि मृतक राजदेव महतो अक्सर गाँव की एक महिला देवनी देवी के घर शराब पीने आने वाले लोगों पर शक करते थे। उन्हें संदेह था कि उनके बीच अवैध संबंध हैं और वे अक्सर उन्हें बदनाम करने की धमकी देते थे। इसी रंजिश के कारण सुरेश राम, संतोष महतो और बच्चू महतो ने मिलकर हत्या की साजिश रची। 27 फरवरी को एक भोज के बहाने राजदेव महतो को जंगल स्थित एक खपरैल घर में बुलाया गया, जहाँ कुल्हाड़ी (टांगी) से वार कर उनकी निर्मम हत्या कर दी गई। साक्ष्य छिपाने के उद्देश्य से आरोपियों ने शव को पुआल से ढक दिया और बाद में उसे जंगल के किनारे सड़क के पास फेंक दिया।

पुलिस ने इस मामले में सेवती निवासी 55 वर्षीय बच्चू महतो और 50 वर्षीय संतोष महतो को गिरफ्तार कर लिया है। उनकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त टांगी और अन्य साक्ष्य भी बरामद कर लिए गए हैं। हालांकि, तीसरा आरोपी सुरेश राम फिलहाल फरार है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस दबिश दे रही है। इस सफल उद्भेदन में थाना प्रभारी आनंद राम और उनकी टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Post a Comment

और नया पुराने