पलामू। झारखंड के पलामू जिले में पुलिस को अपराध नियंत्रण की दिशा में एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। हुसैनाबाद थाना क्षेत्र के जपला-हैदरनगर मुख्य मार्ग पर पुलिस ने सघन वाहन चेकिंग अभियान के दौरान एक नाबालिग को अवैध हथियार के साथ गिरफ्तार किया है। पकड़े गए नाबालिग के पास से एक देसी कट्टा और एक जिंदा कारतूस बरामद किया गया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायिक हिरासत में बाल सुधार गृह भेज दिया है।
यह पूरी कार्रवाई नगर पंचायत कार्यालय के समीप चलाए जा रहे सघन जांच अभियान के दौरान हुई। थाना प्रभारी चंदन कुमार के नेतृत्व में पुलिस की टीम रविवार को संदिग्ध वाहनों की तलाशी ले रही थी। इसी क्रम में एक लाल रंग की टीवीएस मोटरसाइकिल (JH03AG-1391) पर सवार युवक पुलिस को देखकर करीब 50 मीटर पहले ही रुक गया और भागने की कोशिश करने लगा। पुलिस बल ने मुस्तैदी दिखाते हुए घेराबंदी कर उसे मौके पर ही पकड़ लिया।
तलाशी लेने पर पुलिस को नाबालिग की कमर से एक देसी कट्टा और जींस की जेब से एक जिंदा गोली मिली, जिस पर '8 MM KF' अंकित था। पुलिस ने तुरंत हथियार, कारतूस और मोटरसाइकिल को जब्त कर लिया। इस छापेमारी दल में थाना प्रभारी के साथ कमल किशोर पांडेय, मुकेश कुमार सिंह, रमण यादव, कार्तिक प्रसाद मेहता, विकास राम और अखिलेश राम जैसे पुलिसकर्मी शामिल थे। फिलहाल पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि नाबालिग को यह हथियार कहां से मिला और उसका इरादा क्या था।
एक टिप्पणी भेजें