गढ़वा: पलामू प्रक्षेत्र के पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) श्री शैलेंद्र कुमार सिन्हा ने बुधवार को गढ़वा जिले के रंका अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी कार्यालय का वार्षिक निरीक्षण किया। इस अवसर पर उनके साथ गढ़वा पुलिस अधीक्षक श्री अमन कुमार भी मुख्य रूप से उपस्थित रहे। कार्यालय आगमन पर पुलिस बल द्वारा आईजी को 'गार्ड ऑफ ऑनर' देकर भव्य सलामी दी गई। इसके पश्चात उन्होंने कार्यालय के विभिन्न विभागों का बारीकी से मुआयना किया और सुरक्षा व्यवस्था एवं प्रशासनिक कार्यों का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान आईजी ने विशेष रूप से रिकॉर्ड रूम, कंप्यूटर कक्ष और कार्यालय कक्ष की जांच की। उन्होंने रिकॉर्ड रूम में रखी फाइलों और केस डायरी के रख-रखाव की स्थिति देखी और फाइलों को अपडेट रखने व व्यवस्थित ढंग से फाइलिंग करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के उपरांत उन्होंने पुलिस अधीक्षक और रंका एसडीपीओ श्री रोहित रंजन सिंह के साथ एक समीक्षा बैठक की। इस बैठक में अनुमंडल के अंतर्गत पुराने लंबित और महत्वपूर्ण कांडों की वर्तमान स्थिति पर चर्चा की गई। आईजी ने स्पष्ट निर्देश दिया कि सभी लंबित मामलों को एक निश्चित लक्ष्य के तहत अविलंब निष्पादित किया जाए ताकि जनता को समय पर न्याय मिल सके।
बैठक के दौरान कानून-व्यवस्था को और सुदृढ़ बनाने के लिए आईजी ने कई महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश जारी किए। उन्होंने पुलिस अधिकारियों को आम लोगों के साथ बेहतर तालमेल बनाने, फरियादियों के आवेदनों का समयबद्ध निवारण करने और ड्यूटी के दौरान अपनी वर्दी व आचरण को अनुशासित रखने को कहा। क्षेत्र में अपराध नियंत्रण के लिए एंटी-क्राइम चेकिंग और गश्त (पेट्रोलिंग) बढ़ाने पर जोर देते हुए उन्होंने मादक पदार्थों और अवैध शराब की तस्करी पर पूर्ण अंकुश लगाने की बात कही। इसके अतिरिक्त, छत्तीसगढ़ सीमा से सटे इलाकों में अवैध गतिविधियों को रोकने के लिए पुलिस गश्त को और अधिक प्रभावी बनाने का कड़ा निर्देश दिया गया।
एक टिप्पणी भेजें