झारखंड प्रदेश एम्बुलेंस कर्मचारी संघ (भारतीय मजदूर संघ से सम्बद्ध) के आह्वान पर आगामी 13 मार्च 2026 को रांची के डोरंडा स्थित श्रम भवन के प्रस्तावित घेराव को लेकर पलामू जिले के 108 एम्बुलेंस कर्मचारियों ने कमर कस ली है। इस महाप्रदर्शन को ऐतिहासिक और सफल बनाने की रणनीति तय करने के लिए मंगलवार को मेदिनीनगर के आंबेडकर पार्क में कर्मचारियों की एक अहम बैठक आयोजित की गई।
इस महत्वपूर्ण बैठक में संघ के प्रदेश अध्यक्ष नीरज तिवारी विशेष रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने कर्मचारियों को संबोधित करते हुए कहा कि 108 एम्बुलेंस सेवा के कर्मचारी लगातार प्रबंधन की तानाशाही, भ्रष्टाचार और श्रम कानूनों के उल्लंघन का दंश झेल रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि वेतन भुगतान में अनुचित विलंब, पीएफ और ईएसआई में भारी अनियमितता तथा ओवरटाइम जैसी बुनियादी सुविधाओं की लगातार अनदेखी की जा रही है। बार-बार पत्राचार और शिकायत करने के बावजूद प्रबंधन द्वारा अब तक कोई सकारात्मक कदम नहीं उठाया गया है, जिससे कर्मचारियों के बीच गहरा आक्रोश पनप रहा है।
बैठक के दौरान सभी कर्मचारियों ने सर्वसम्मति से यह निर्णय लिया कि अपनी जायज मांगों को सरकार और प्रशासन के समक्ष मजबूती से रखने के लिए पलामू जिले से भारी संख्या में कर्मचारी 13 मार्च को रांची के महाप्रदर्शन में शामिल होंगे। प्रदेश अध्यक्ष ने चेतावनी देते हुए स्पष्ट किया कि यदि सरकार और एम्बुलेंस प्रबंधन ने अब भी उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान नहीं किया, तो कर्मचारी अपने इस आंदोलन को और अधिक उग्र करने के लिए विवश हो जाएंगे। इस दौरान मौके पर संघ के कई पदाधिकारी एवं जिले भर के 108 एम्बुलेंस कर्मचारी बड़ी संख्या में मौजूद रहे।
एक टिप्पणी भेजें